मुंबई, (ईएमएस)। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में अपनी स्थिति बेहतर करने की कांग्रेस हरसंभव कोशिश में जुटी हुई है. इस कड़ी में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी 13 अक्टूबर से महाराष्ट्र की सियासी रणभूमि में चुनाव प्रचार करने के लिए उतरेंगे. इस बीच खबर है कि कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी महाराष्ट्र के चुनावी प्रचार में उतरेंगी. पार्टी के एक नेता का कहना है कि प्रियंका के चुनावी मैदान में उतने से निश्चित रूप से पार्टी की स्थिति मजबूत होगी. बताया जा रहा है कि प्रियंका गांधी दो दिनों के लिए चुनावी मैदान में उतरकर पार्टी प्रत्याशियों के लिए वोट मांगेंगी. इसके अलावा मुंबई में प्रियंका का रोड शो भी हो सकता है. इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है.
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में अपनी स्थिति बेहतर करने की कांग्रेस हरसंभव कोशिश में जुटी हुई है

हालांकि अभी प्रियंका के चुनाव प्रचार की तारीख तय नहीं की गई है. बता दें कि प्रियंका गांधी पहली बार महाराष्ट्र के सियासी रण में उतरेंगी. इससे पहले वो पंजाब और मध्य प्रदेश में रोड शो कर चुकी है. इसके अलावा लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में उन्होंने कई जनसभा और रोड शो किए थे. प्रियंका को मुंबई में ऐसे समय उतारा जा रहा है, जब पार्टी में घमासान मचा हुआ है. मुंबई कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष संजय निरुपम खुलेआम बगावत का रुख अख्तियार किए हुए हैं. दरअसल माना जा रहा है कि प्रियंका गांधी को मुंबई में उतारकर कांग्रेस डैमेज को कन्ट्रोल करना चाहती है. मालूम हो कि मुंबई की 36 विधानसभा सीटों में से कांग्रेस 29 सीटों पर चुनावी मैदान में उतरी है.
जबकि एनसीपी 6 सीटों पर चुनाव लड़ रही और एक सीट पर कांग्रेस सपा प्रत्याशी को समर्थन कर रही है. ऐसे में प्रियंका गांधी से मुंबई में रोड-शो कराकर कांग्रेस ने शहरी मतदाताओं को लुभाने का प्लान बनाया है, क्योंकि वह शहरी मतदाताओं के बीच अच्छी खासी लोकप्रिय मानी जाती हैं. वहीं मुंबई में उत्तर भारतीय खासकर उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल की बड़ी आबादी रहती हैं. प्रियंका गांधी पूर्वी यूपी की प्रभारी हैं. इसी के चलते माना जा रहा है कि कांग्रेस ने प्रियंका का रोड शो मुंबई में रखा है और इसके जरिए पार्टी पूर्वांचल के वोटरों को लुभाना चाहती है. इसी के साथ ही राहुल गांधी 13 अक्टूबर को महाराष्ट्र के चुनाव प्रचार में उतर रहे हैं और तीन बड़ी जनसभाओं को संबोधित करेंगे. इनमें से कांग्रेस पार्टी ने राहुल की दो जनसभाएं मुंबई में रखी है.