रांची,(ईएमएस)। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष अजय कुमार ने गुरुवार को नई दिल्ली में आम आदमी पार्टी (आप) में शामिल हो गये। दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की मौजूदगी में पूर्व सांसद डॉ. अजय कुमार ने आप का दामन थामा।
डॉ अजय कुमार के पार्टी में शामिल होने की घोषणा करते हुए दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि आज एक बहुत ही महत्वपूर्ण साथी, देश के प्रशासन तंत्र के एक महत्वपूर्ण हस्ताक्षर डॉ अजय कुमार पार्टी के साथ जुड़ रहे हैं। अजय कुमार का आम आदमी पार्टी में स्वागत है,इनके शामिल होने से संगठन को मजबूती मिलेगी।
आम आदमी पार्टी में शामिल होने के मौके पर डॉ अजय कुमार ने कहा कि उनके जैसे सभी आम आदमी को ईमानदार राजनीति में आगे आने चाहिए और सहयोग देना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज की राजनीति का जवाब सिर्फ आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया की राजनीति है। उन्होंने कहा कि देश की मौजूदा राजनीतिक परिस्थिति में ईमानदारी और गर्वनेंस समेत अन्य मसलों पर आम आदमी पार्टी की नीतियां ही जनहित में उपयुक्त है।
दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की मौजूदगी में पूर्व सांसद डॉ. अजय कुमार ने आप का दामन थामा।
लोकसभा चुनाव परिणाम के बाद पार्टी में उत्पन्न विवाद के बाद डॉ. अजय कुमार ने कुछ दिन पहले प्रदेश अध्यक्ष पद से त्यागपत्र दे दिया था और पद से त्यागपत्र देने के वक्त उन्होंने प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ जिस तरह से टिप्पणी की थी, उसके बाद से ही उनके पार्टी छोड़ने की अटकलें तेज हो गयी थी। डा. अजय कुमार ने राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे चुके राहुल गांधी को अपना इस्तीफा भेजा था। अजय कुमार ने अपने त्यागपत्र में पार्टी प्रवक्ता से लेकर प्रदेश अध्यक्ष तक के दौरान (जिसमें उनके कार्यकाल के दौरान हुए लोकसभा और उपचुनाव शामिल है) कांग्रेस पार्टी की सेवा का जिक्र किया था। वहीं अपने सौंपे इस्तीफे में उन्होंने पार्टी के कुछ नेता सुबोधकांत सहाय, रामेश्वर उरांव, प्रदीप बालमुचू, चंद्रशेखर दुबे, फुरकान अंसारी सहित कई अन्य वरिष्ठ नेताओं पर व्यक्तिगत लाभ के लिए पार्टी हित को ताक में रखकर काम करने का भी आरोप लगाया था। इस बार के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने जमशेदपुर की सीट झारखंड मुक्ति मोर्चा के लिए छोड़ दी थी, लिहाजा डॉ अजय कुमार चुनाव नहीं लड़े थे। तब उन्होंने कहा था कि गठबंधन को मजबूत बनाने और पार्टी आलाकमान के फैसले के तहत वे जमशेदपुर की सीट छोड़ रहे हैं। लोकसभा चुनाव में झारखंड में कांग्रेस समेत विपक्ष की करारी हार हुई। डॉ अजय के आम आदमी पार्टी में शामिल होने के साथ ही अटकलें तेज है कि वे जमशेदपुर पश्चिम से विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। चुनाव लड़ने की तैयारी वे पहले से कर रहे हैं।