गाजियाबाद (ईएमएस)। पुलिस-प्रशासन की ओर से चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के बावजूद लोकप्रिय विहार में बच्चा चोर समझकर कुछ लोगों ने एक सिक्यॉरिटी गार्ड को ही पीट दिया। अपने बेटे का स्कूल बैग कंधे पर लटकाकर गार्ड ड्यूटी से घर जा रहा था। यह देख किसी ने अफवाह फैला दी कि वह स्कूली बच्चे का अपहरण करके ले जा रहा है। इसके बाद भीड़ ने उसे पकड़ लिया और उसे पीटते हुए खोड़ा थाने तक ले आए। पुलिस ने जांच के बाद सुरक्षा गार्ड से मारपीट करने के आरोप में 25-30 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने इस मामले में अब तक 16 आरोपियो को गिरफ्तार किया है। बाकी की तलाश जारी है।
पुलिस-प्रशासन की ओर से चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के बावजूद लोकप्रिय विहार में बच्चा चोर समझकर कुछ लोगों ने एक सिक्यॉरिटी गार्ड को ही पीट दिया।

पुलिस ने बताया कि कौशांबी स्थित ईडीएम मॉल में सिक्यॉरिटी गार्ड की नौकरी करने वाले अनुरंजन सिंह पत्नी और बच्चों के साथ खोड़ा के प्रेम विहार में रहते हैं। सोमवार दोपहर वह ड्यूटी से लौट रहे थे। उन्होंने 7वीं कक्षा में पढ़ने वाले अपने बेटे का स्कूल बैग कंधे पर लटका रखा था। खोड़ा के लोकप्रिय विहार में कुछ लोगों ने बैग देख बच्चा चोर होने की अफवाह फैला दी। भीड़ में शामिल लोगों ने अनुरंजन पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। भीड़ अनुरंजन को पीटते हुए खोड़ा थाने तक ले गई। पुलिस ने उन्हें पीटते हुए लेकर गए लोगों को पकड़ लिया, जबकि कुछ भागने में सफल रहे। खोड़ा थाना प्रभारी संदीप कुमार सिंह ने कहा कि इस मामले में 25-30 लोगों के खिलाफ बलवा के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई है। 16 आरोपियो को गिरफ्तार किया जा चुका है, बाकी आरोपियो की तलाश जारी है।
अनिरुद्ध, ईएमएस, 03 सितंबर 2019